रुद्रपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ऊधमसिंहनगर जिले में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकासोन्मुखी नीतियों के कारण जिले में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, रोजगार और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत जिले में 10.78 लाख से अधिक लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है, जिससे आर्थिक समावेशन को बढ़ावा मिला है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में 10.74 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे लाखों नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए रुद्रपुर में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक की स्थापना की जा रही है। इसके साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जारी है। किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में भी तेजी से काम चल रहा है, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी जिले ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास के लिए 524.78 एकड़ भूमि हस्तांतरित की गई है। वहीं रुद्रपुर रिंग रोड और कई बाईपास परियोजनाओं के पूर्ण होने से यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है और शहर में जाम की समस्या में कमी आई है।
औद्योगिक विकास को गति देने के लिए खुरपिया-किच्छा क्षेत्र में लगभग 6,000 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित करने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना से 75 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
जल जीवन मिशन के तहत जिले के करीब 1.95 लाख घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। इसके अलावा हजारों परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। जनजातीय कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण पीएम-जनमन कार्यक्रम में ऊधमसिंहनगर को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि ये सभी उपलब्धियां ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और आने वाले वर्षों में जिले के विकास को और नई गति मिलेगी।