मोदी सरकार के 12 साल: भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां, विकास को लेकर किया बड़ा दावा

 रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को जिला कार्यालय में ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ विषय पर एक प्रेस वार्ता आयोजित की। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए बीते 12 वर्षों को विकास और सुशासन का महत्वपूर्ण दौर बताया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूल मंत्र को आधार बनाकर केंद्र सरकार ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है।

प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकार ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, समर्पण और सुशासन के स्वर्णिम काल के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ देश के हर वर्ग तक पहुंचा है।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में भी विकास कार्यों को नई गति मिली है। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और अमृत योजना जैसी पहलों ने शहरी विकास को नई दिशा दी है। इन योजनाओं के माध्यम से शहरों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आया है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा आने वाले दिनों में विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाएगी। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.