रानीबाग-गुलाब घाटी के जाम से मिलेगी राहत! शुरू हुआ बहुप्रतीक्षित बायपास निर्माण

 हल्द्वानी/रानीखेत। रानीबाग-गुलाब घाटी क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले यातायात जाम से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। गौला पुल काठगोदाम के हनुमानगढ़ी से अमृतपुर तक प्रस्तावित बायपास सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। सड़क कटान का कार्य शुरू होने के साथ ही इस बहुप्रतीक्षित परियोजना ने धरातल पर आकार लेना शुरू कर दिया है।

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि बायपास निर्माण का उद्देश्य रानीबाग और गुलाब घाटी क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना है। यह मार्ग तैयार होने के बाद स्थानीय लोगों, पर्यटकों और दैनिक यात्रियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

सांसद अजय भट्ट के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत 18 करोड़ 23 लाख रुपये निर्धारित की गई है। परियोजना के पहले चरण में सड़क कटिंग और प्रारंभिक निर्माण कार्य किए जाएंगे, जिस पर लगभग 6 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च होंगे। यह कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा और इसके लिए करीब नौ माह का समय निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि परियोजना के दूसरे चरण में गौला नदी पर एक नए पुल का निर्माण किया जाएगा। इस पुल के निर्माण पर लगभग 11 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत आएगी। पुल बनने के बाद बायपास मार्ग पूरी तरह से यातायात के लिए तैयार हो जाएगा और क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रानीबाग और गुलाब घाटी क्षेत्र में अक्सर भारी जाम की स्थिति बनी रहती है, विशेषकर पर्यटन सीजन और छुट्टियों के दौरान। इससे यात्रियों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में बायपास सड़क का निर्माण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना साबित होगा।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को उम्मीद है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा होने पर हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। 

Leave A Reply

Your email address will not be published.