झारखंड की शॉर्ट फिल्म ‘नो मोर वॉर’ का अंतरराष्ट्रीय मंच पर जलवा, दो बड़े फिल्म फेस्टिवल में चयन

 झारखंड के फिल्म उद्योग के लिए गर्व का क्षण है। राज्य के युवा फिल्मकारों की रचनात्मक प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। नौरस फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनी शॉर्ट फिल्म ‘नो मोर वॉर’ का चयन दो प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों के लिए किया गया है। फिल्म को विवेकानंद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, कोलकाता और श्रीलंका इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया जाएगा।

फिल्म के लेखक एवं निर्देशक अमित अक्षत ने बताया कि विवेकानंद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के तहत फिल्म का प्रदर्शन 21 जून को कोलकाता के साइंस सिटी में आयोजित समारोह में होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी फिल्मकार के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी फिल्म का चयन होना बड़ी उपलब्धि होती है। यह न केवल फिल्म की गुणवत्ता को दर्शाता है, बल्कि उसके सामाजिक संदेश की वैश्विक प्रासंगिकता को भी रेखांकित करता है।

‘नो मोर वॉर’ युद्ध, हिंसा और संघर्ष के खिलाफ शांति, प्रेम और मानवता का संदेश देने वाली संवेदनशील फिल्म है। इसकी कहानी 10 वर्षीय बालक शुभ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने जन्मदिन पर समाचारों में युद्ध और मानवीय त्रासदी के दृश्य देखकर भावनात्मक रूप से प्रभावित हो जाता है। जब उसके पिता उसे उपहार में खिलौना बंदूक देते हैं, तो वह उसे लेने से मना कर देता है। यही घटना फिल्म के मूल संदेश को सामने लाती है कि दुनिया को हथियारों की नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा और भाईचारे की आवश्यकता है।

फिल्म अपने सरल लेकिन प्रभावशाली कथानक के जरिए यह बताती है कि युद्ध और हिंसा का सबसे अधिक असर बच्चों और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। यही वजह है कि फिल्म शांति और मानवीय मूल्यों की वकालत करती है।

फिल्म में श्रेष्ठ, मनोज सहाय, मेहुल प्रसाद, संदिपिका रॉय और अवनीश भारद्वाज ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। वहीं नीरज और सुमित की सिनेमैटोग्राफी तथा सचिन महली का संगीत और संपादन फिल्म को तकनीकी रूप से मजबूत बनाते हैं।

फिल्म के अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में चयन से झारखंड के स्वतंत्र फिल्म निर्माण क्षेत्र को नई ऊर्जा मिली है। यह उपलब्धि राज्य की रचनात्मक प्रतिभाओं को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.