नेपाल से भारत पैसा भेजना हुआ आसान! नई डिजिटल रेमिटेंस सेवा हुई शुरू

 काठमांडू। नेपाल और भारत के बीच आर्थिक लेनदेन को और अधिक सरल एवं तेज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। दोनों देशों के बीच क्रॉस-बॉर्डर पर्सन-टु-पर्सन (P2P) रेमिटेंस सेवा शुरू कर दी गई है। इस नई डिजिटल सेवा के माध्यम से अब ग्राहक नेपाल और भारत के बीच सुरक्षित तरीके से तत्काल धनराशि भेज और प्राप्त कर सकेंगे।

बैंक की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस सुविधा का उद्देश्य दोनों देशों के नागरिकों को सीमा-पार भुगतान के लिए तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराना है। नई सेवा विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी साबित होगी, जिनके परिवार या रिश्तेदार दोनों देशों में रहते हैं और जिन्हें नियमित रूप से धनराशि भेजने की आवश्यकता होती है।

इस सेवा के तहत नेपाली बैंक में खाता रखने वाले भारतीय नागरिक मोबाइल बैंकिंग एप ‘एनबैंक’ के माध्यम से सीधे भारत में रहने वाले अपने परिवारजनों, रिश्तेदारों और मित्रों को तत्काल पैसा भेज सकेंगे। इससे पारंपरिक और समय लेने वाली धन हस्तांतरण प्रक्रिया की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।

नबिल बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार ज्ञावली ने इस पहल को डिजिटल बैंकिंग क्षेत्र में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह सेवा नेपाल और भारत के बीच वित्तीय लेनदेन को अधिक प्रभावी बनाएगी तथा दोनों देशों में डिजिटल बैंकिंग के विस्तार को भी मजबूती प्रदान करेगी। साथ ही ग्राहकों को सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

बैंक ने बताया कि सेवा के संचालन में नियामकीय नियमों और ग्राहकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लेनदेन की सीमा निर्धारित की गई है। नेपाल से भारत धनराशि भेजने पर ग्राहक प्रतिदिन अधिकतम 15 हजार भारतीय रुपये और प्रति माह अधिकतम 1 लाख भारतीय रुपये तक भेज सकेंगे।

वहीं भारत से नेपाल धनराशि भेजने की दैनिक अधिकतम सीमा 2 लाख भारतीय रुपये तय की गई है। इस दिशा में फिलहाल कोई मासिक सीमा लागू नहीं होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सेवा दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, डिजिटल भुगतान और वित्तीय समावेशन को नई गति प्रदान करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.