आगामी चुनावों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित पिल्लाई हॉल में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और मतदाता सूची की निगरानी को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
अपने संबोधन में विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि बूथ समिति और बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) संगठन की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही तय होती है। चुनाव के दौरान बूथ समिति के सदस्य पार्टी और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, जो संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के माध्यम से झारखंड के लाखों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश की जा रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।
विनोद पाण्डेय ने कहा कि बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्हें मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर लगातार नजर रखनी होती है। उन्होंने चुनाव आयोग की प्रक्रियाओं, बूथ स्तर की गतिविधियों और मतदाता सूची में होने वाले बदलावों पर सतर्क रहने का निर्देश दिया।
कार्यशाला में मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, हटे हुए नामों को पुनः शामिल कराने और मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों तथा सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सूची में नाम दर्ज होना सबसे महत्वपूर्ण अधिकारों में से एक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने की, जबकि संचालन जिला सचिव राहुल आदित्य ने किया। इस अवसर पर मंत्री एवं विधायक दीपक बिरुवा, सांसद जोबा माझी, विधायक निरल पुरती, विधायक जगत माझी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।