विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर देहरादून में आयोजित जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने किशोरियों और महिलाओं को स्वच्छता किट भी वितरित की।
सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मासिक धर्म को नारी की सृजन शक्ति और प्रकृति की वैज्ञानिक प्रक्रिया के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं को मिला ईश्वर का एक पवित्र वरदान है, जो उन्हें सृष्टि की सृजनकर्ता बनाता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज भी समाज में मासिक धर्म को लेकर कई भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं, जिन्हें दूर करना बेहद जरूरी है। उन्होंने किशोरियों से स्वास्थ्यवर्धक खान-पान अपनाने और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान रेखा आर्या ने बताया कि केंद्र सरकार की जनऔषधि योजना के तहत देशभर के हजारों केंद्रों पर मात्र एक रुपये में सुरक्षित सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा उत्तराखंड सरकार द्वारा ‘मेरी सहेली’ नैपकिन वेंडिंग मशीन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को स्वच्छता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. निहारिका ने किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म से जुड़ी समस्याओं, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारियां दीं। उन्होंने संवाद के माध्यम से प्रतिभागियों के सवालों के जवाब भी दिए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं व किशोरियां मौजूद रहीं।