After Header-1

मसूरी विधानसभा के विकास कार्यों पर मंत्री गणेश जोशी सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में सिंचाई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ली गई। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणा के तहत संतला देवी क्षेत्र में नून नदी पर प्रस्तावित झील निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झील निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी। मंत्री ने अधिकारियों से कागजी कार्रवाई जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने को कहा।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के सुधारीकरण, डामरीकरण और नए मोटर मार्गों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने सहस्त्रधारा बायपास से बगलाधोरण मोटर मार्ग, क्यारा-धनौल्टी मार्ग, छमरौली से डोमकोट मार्ग और बाटाघाट-पुरकुल-मालसी-सरोना-बोंठा मोटर मार्ग के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मंत्री गणेश जोशी ने बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और मरम्मत कार्य समय से पहले पूरा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग पहले से तैयारी सुनिश्चित करे।

इसके अलावा कामाख्या मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि पुल बनने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई पी.एल. नौटियाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.