AI से बदलेगी कक्षा की तस्वीर, शिक्षकों को मिला स्मार्ट टीचिंग का प्रशिक्षण

देहरादून। ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “AI Learning Day: Empowering Educators for the Future” कार्यशाला का आयोजन किया गया। “स्मार्ट शिक्षण, रचनात्मक अधिगम और जिम्मेदार नवाचार” विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में देहरादून के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की उपयोगिता से परिचित कराने के साथ इसे कक्षा शिक्षण में प्रभावी और जिम्मेदार तरीके से इस्तेमाल करने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना था। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार त्रेहन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में शिक्षकों को AI आधारित टूल्स, व्यावहारिक कार्यप्रणालियों और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों की जानकारी दी गई।

ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के CSE विभाग के प्रोफेसर डॉ. अरुण चौहान ने मशीन लर्निंग की मूल अवधारणाओं तथा Large Language Models (LLMs) के विकास और कार्यप्रणाली पर जानकारी साझा की। वहीं सहायक प्रोफेसर डॉ. सिद्धांत थपलियाल ने ChatGPT, Microsoft Copilot, Google Gemini और Canva AI जैसे टूल्स का प्रदर्शन करते हुए बताया कि इनका उपयोग शिक्षण कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में कैसे किया जा सकता है।

AI शोधकर्ता चित्रांश बोस ने RACE Framework के माध्यम से Prompt Engineering की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों को पाठ्यक्रम निर्माण के लिए उद्देश्यपूर्ण और प्रभावी प्रॉम्प्ट तैयार करने का प्रशिक्षण दिया। इंटरैक्टिव लैब में ग्रेडिंग रूब्रिक्स को व्यवस्थित करने, प्रस्तुतियां तैयार करने और Bloom’s Taxonomy के अनुरूप शिक्षण सामग्री विकसित करने के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए।

कार्यशाला में AI के जिम्मेदार और नैतिक उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर गरिमा शर्मा ने विद्यार्थियों की डिजिटल सुरक्षा, डेटा गोपनीयता और AI से उत्पन्न गलत या काल्पनिक जानकारी की पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

आयोजकों के अनुसार कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को तकनीक का केवल उपयोगकर्ता बनाने के बजाय उसे प्रभावी शैक्षणिक साधन के रूप में अपनाने के लिए सक्षम बनाना था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.