देहरादून। चकराता क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होने से हड़कंप मच गया। सहिया से पहले लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्गम खाई में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने सड़क से करीब 35 मीटर नीचे क्षतिग्रस्त हालत में टाटा टियागो कार संख्या DL9C 8092 को देखा। वाहन में तीन पुरुष और दो महिलाएं सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आईं, जबकि तीन अन्य घायल हुए।
खाई की गहराई और दुर्गम भूभाग के कारण राहत-बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण था। एसडीआरएफ जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर रेस्क्यू उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई। जवानों ने एक-एक कर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पांचों घायलों का सफल रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू के बाद घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
घायलों की पहचान रोहन कुमार (23), नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26), रोहिणी दिल्ली, अभिषेक (26), नोएडा, शिवानी सिंह (22) और प्रिन्स राज (22), दोनों वाराणसी निवासी के रूप में हुई है।
समय पर एसडीआरएफ और पुलिस टीम के पहुंचने से पांचों घायलों को खाई से सुरक्षित निकाल लिया गया।