बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म या बयान नहीं, बल्कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट है। दरअसल, कुछ समय के लिए सलमान खान का इंस्टाग्राम प्रोफाइल अचानक गायब हो गया, जिससे उनके फैंस के बीच हलचल मच गई।
जैसे ही यूजर्स ने सलमान का अकाउंट सर्च किया, उनकी प्रोफाइल दिखाई नहीं दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों को लगा कि शायद सलमान खान ने खुद अपना अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया है, जबकि कुछ यूजर्स ने अकाउंट हैक होने की आशंका भी जताई।
हालांकि थोड़ी देर बाद सलमान खान की प्रोफाइल फिर से सामान्य रूप से दिखाई देने लगी, जिससे फैंस ने राहत की सांस ली। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह तकनीकी गड़बड़ी थी, अस्थायी डीएक्टिवेशन था या फिर किसी तरह की साइबर गतिविधि का मामला। इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक सलमान खान या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सलमान खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपनी फिल्मों, फिटनेस, शूटिंग और निजी जिंदगी से जुड़ी झलकियां फैंस के साथ साझा करते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 72 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जो उनकी हर पोस्ट का बेसब्री से इंतजार करते हैं। यही वजह है कि अकाउंट गायब होने की खबर ने फैंस को परेशान कर दिया।
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में सलमान खान ने पैपराजी पर नाराजगी जाहिर की थी। हिंदुजा अस्पताल के बाहर फोटोग्राफर्स द्वारा उनकी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ का नाम जोर-जोर से पुकारे जाने पर अभिनेता भड़क गए थे। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर भी नाराजगी जताते हुए एक पोस्ट साझा किया था।
अब सलमान खान के इंस्टाग्राम अकाउंट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर लगातार जारी है और फैंस इस रहस्य के पीछे की असली वजह जानने का इंतजार कर रहे हैं।