Priyanka से मुलाकात के बाद बोलीं Jyoti Routela- एकजुटता के साथ पार्टी चुनाव को तैयार…

विधानसभा चुनाव 2027 पर मंत्रणा: उत्तराखंड आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने 'महिला कार्ड' खेलते हुए रणनीति बदल दी है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला और प्रियंका गांधी की दिल्ली में हुई बैठक में भाजपा के 'पन्ना प्रमुख' मॉडल की काट के लिए बूथ स्तर पर 'महिला ब्रिगेड' तैनात करने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है, जो कानून-व्यवस्था और महिला रोजगार जैसे जमीनी मुद्दों पर सीधे परिवारों से संवाद करेगी...

चाणक्य मंत्र ब्यूरो

नई दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए अपनी सबसे बड़ी राजनीतिक बिसात बिछा दी है। हाल ही में नई दिल्ली में उत्तराखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के बीच हुई रणनीतिक बैठक महज़ एक शिष्टाचार मुलाकात नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर बड़े बदलाव का ब्लूप्रिंट है। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को भाजपा के बेहद मजबूत ‘पन्ना प्रमुख’ नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कांग्रेस के जवाबी चक्रव्यूह के रूप में देखा जा रहा है।

पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी ने पारंपरिक रैलियों के बजाय माइक्रो-मैनेजमेंट पर ध्यान केंद्रित करते हुए हर मतदान केंद्र (बूथ) पर एक समर्पित ‘महिला ब्रिगेड’ तैनात करने का निर्देश दिया है। यह टीम सीधे परिवारों से जुड़कर स्थानीय मुद्दों जैसे अंकिता भंडारी मामले के बाद उपजी कानून-व्यवस्था की स्थिति और महिला रोजगार पर संवाद करेगी। हालिया उप-चुनावों में करारी हार झेल चुकी कांग्रेस अब सत्ता विरोधी लहर के भरोसे हाथ पर हाथ धरे बैठने के मूड में नहीं है। ज्योति रौतेला के निमंत्रण पर प्रियंका गांधी के आगामी उत्तराखंड दौरे को हरी झंडी मिलना इस बात का साफ संकेत है कि आलाकमान इस बार देवभूमि फतह करने के लिए खुद मोर्चा संभालने जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.