अनुपम खेर के नाटक ने जीता राजपाल यादव का दिल, बोले- ‘हर घर की कहानी है ये’

अनुपम खेर इन दिनों अपने हिंदी म्यूजिकल कॉमेडी-ड्रामा थिएटर शो जाने पहचाने अनजाने को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। यह नाटक दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने और रिश्तों की अहमियत पर सोचने के लिए भी प्रेरित कर रहा है। हाल ही में अभिनेता राजपाल यादव ने यह नाटक देखा और इसकी जमकर सराहना की।

अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें राजपाल यादव नाटक और इसके कलाकारों की खुलकर तारीफ करते नजर आए। राजपाल ने कहा कि यह सिर्फ एक परिवार की कहानी नहीं, बल्कि लगभग हर घर की सच्चाई को दर्शाने वाला नाटक है। उनके मुताबिक इंसान चाहे जीवन में कितनी भी सफलता हासिल कर ले, लेकिन अंत में रिश्ते, अपनापन और आपसी समझ ही सबसे ज्यादा मायने रखते हैं।

राजपाल यादव ने अनुपम खेर के अभिनय की विशेष रूप से तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने मंच पर शानदार और दिल छू लेने वाला प्रदर्शन किया है। उन्होंने स्वरूप संपत के अभिनय को भी प्रभावशाली बताया। वहीं मेघना मलिक की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वह प्रतिभा का खजाना हैं और उनके अभिनय में गहराई साफ दिखाई देती है।

इस दौरान राजपाल यादव ने मजाकिया अंदाज में अनुपम खेर के व्यक्तित्व पर भी टिप्पणी की, जिसने सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर अनुपम खेर के सिर पर बाल न होने की बात करते हैं, लेकिन अगर बालों को मौका मिलता तो उन्हें अफसोस होता कि वे अनुपम खेर के सिर पर क्यों नहीं हैं। उनके इस मजेदार बयान पर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।

राजपाल यादव के इन शब्दों से भावुक हुए अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि किसी कलाकार के लिए इससे बड़ा सम्मान कुछ नहीं हो सकता कि उसका काम लोगों को हंसाने के साथ-साथ भावुक भी कर दे। अनुपम ने राजपाल के प्यार और समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद भी कहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.