तीन दिन श्रीनगर में रहेंगे मंत्री धन सिंह रावत, करेंगे कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण

देहरादून। Dhan Singh Rawat आगामी 22 से 24 मई तक अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही नगर क्षेत्र और आसपास के गांवों में व्यापक जनसंपर्क कर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और स्थानीय विकास से जुड़े सुझाव भी लेंगे।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से वह लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं।

अपने दौरे के पहले दिन डॉ. रावत श्रीनगर में राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंदन और नगर पालिका के नव निर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही अतिरिक्त कक्षा-कक्ष और शौचालय निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा। इसके अलावा राजकीय हाईस्कूल श्रीकोट-गंगानाली के नए भवन का उद्घाटन और विज्ञान प्रयोगशाला का शिलान्यास भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। वह बार एसोसिएशन श्रीनगर के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।

दूसरे दिन डॉ. रावत राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर में पर्सनलाइज्ड एडैप्टिव लर्निंग लैब और अटल टिंकरिंग लैब का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा कोल्ठा गांव के लिए स्वीकृत मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। मरखोड़ा और देवलगढ़ क्षेत्र में भी कई विकास कार्यों का उद्घाटन और सौंदर्यीकरण योजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।

तीसरे दिन कैबिनेट मंत्री अवकाश प्राप्त कर्मचारी संगठन, ग्राम प्रहरियों और टैक्सी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थानीय समस्याओं और विकास योजनाओं पर चर्चा करेंगे। उनके इस दौरे को क्षेत्र के विकास के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.