चारधाम यात्रा में महिला का 50 हजार से भरा पर्स गायब, पुलिस ने ऐसे ढूंढ निकाला

मसूरी। चारधाम यात्रा पर आई एक महिला का 50 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स खो जाने के बाद मसूरी पुलिस की तत्परता से उसे सुरक्षित वापस दिला दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने सराहना की है।

जानकारी के अनुसार, संध्या पत्नी अशोक सिंह, निवासी महेश्वर निकेतन, कोलाबा थाना, मुंबई, अपने परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड आई थीं। यात्रा के दौरान परिवार मसूरी रोड पर एक स्थान पर फोटो खिंचवाने के लिए रुका। इसी दौरान महिला ने अपना पर्स पास में खड़ी एक अनजान बाइक के पीछे रख दिया।

परिवार के साथ काफी देर तक फोटो खिंचवाने के बाद जब महिला ने अपना पर्स तलाशना शुरू किया तो वह वहां नहीं मिला। जिस बाइक पर पर्स रखा गया था, वह भी मौके से जा चुकी थी। पर्स में करीब 50 हजार रुपये नकद और कई जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। घटना के बाद महिला और उसके परिजन परेशान हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस ने फुटेज की मदद से संबंधित बाइक का नंबर ट्रेस कर उसके मालिक से संपर्क किया।

पुलिस के बुलाने पर बाइक स्वामी तुरंत मौके पर पहुंचा। जांच करने पर महिला का पर्स बाइक की पिछली सीट पर लगे हैंडल में सुरक्षित लटका हुआ मिला। इसके बाद पुलिस ने पर्स महिला को सुपुर्द कर दिया। पर्स में रखी नकदी और सभी दस्तावेज सुरक्षित पाए गए।

महिला और उसके परिवार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। वहीं पुलिस ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.