देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने असम दौरे के दौरान गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध कामाख्या देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हुए प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री धामी ने मां कामाख्या से उत्तराखंड के सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन और समृद्धि की कामना की। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की निरंतर प्रगति, विकास और खुशहाली के लिए भी विशेष प्रार्थना की।
गौरतलब है कि कामाख्या देवी मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है और यहां देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा उनका स्वागत किया गया।
पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उन्नति और जनकल्याण के लिए सकारात्मक ऊर्जा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की बात कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश के विकास और जनता की भलाई के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी के इस धार्मिक दौरे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से साझा किए जा रहे हैं। समर्थकों और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री की इस यात्रा को आध्यात्मिक और प्रेरणादायक बताया है।