शिमला। हिमाचल प्रदेश के चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तुनुहट्टी क्षेत्र के काकीरा घार के पास रात करीब तीन बजे उस समय हुआ, जब धर्मशाला से डलहौजी की ओर जा रही एक टैक्सी इनोवा अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार वाहन में कुल दस लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश पर्यटक गुजरात के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और फिसलन को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने जोरदार आवाज सुनते ही तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। भारी बारिश और अंधेरे के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद राहत दल ने घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन मंडी नंबर की टैक्सी इनोवा थी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से राहत एवं सहायता कार्य लगातार जारी है।