गुजरात टाइटंस का धमाका! पॉइंट्स टेबल में मचाई हलचल

आईपीएल 2026 में Gujarat Titans ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Rajasthan Royals को 77 रनों से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस बड़ी जीत के साथ गुजरात टाइटंस अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। खास बात यह रही कि रन के अंतर के हिसाब से यह गुजरात की आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी जीत बन गई।

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को कप्तान Shubman Gill और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की। साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि शुभमन गिल ने तूफानी अंदाज में 44 गेंदों पर 84 रन ठोक दिए। अंतिम ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 37 रन और राहुल तेवतिया ने 14 रन बनाकर टीम का स्कोर 229 तक पहुंचाया।

230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए। वैभव सूर्यवंशी ने 36 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल 24 और शिमरोन हेटमायर केवल 6 रन ही बना सके। टीम लगातार विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 16.3 ओवर में 152 रन पर सिमट गई।

गुजरात की ओर से Rashid Khan ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं जेसन होल्डर ने भी कमाल दिखाते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज ने भी अहम विकेट हासिल किए।

इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस के 11 मैचों में 14 अंक हो गए हैं और टीम दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं राजस्थान रॉयल्स को सीजन की पांचवीं हार का सामना करना पड़ा और टीम पांचवें स्थान पर खिसक गई। सनराइजर्स हैदराबाद बेहतर रनरेट के आधार पर शीर्ष पर बनी हुई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.