दुनिया अभी COVID-19 महामारी के प्रभाव से पूरी तरह उबर भी नहीं पाई है कि अब Hantavirus के नए और खतरनाक स्ट्रेन ने स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दक्षिण अमेरिका से रवाना हुए एक क्रूज शिप पर संक्रमण फैलने के बाद कई देशों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल महीने में एक क्रूज शिप अर्जेंटीना के उशुआइया बंदरगाह से रवाना हुआ था, जिसमें लगभग 150 यात्री सवार थे। यात्रा के दौरान दो डच यात्री दक्षिण अमेरिका के एक कचरा क्षेत्र में पक्षी देखने गए थे। माना जा रहा है कि वहीं संक्रमित चूहों के संपर्क में आने से वायरस फैला और बाद में जहाज पर संक्रमण फैल गया।
अब तक पांच संक्रमित मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। विशेषज्ञों के अनुसार इस बार सामने आया “एंडीज स्ट्रेन” अधिक खतरनाक माना जा रहा है। सामान्यतः हंतावायरस संक्रमित चूहों के मल-मूत्र, लार या उनके संपर्क से फैलता है, लेकिन एंडीज स्ट्रेन के बारे में आशंका जताई जा रही है कि यह संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बेहद करीबी संपर्क से भी फैल सकता है।
24 अप्रैल को यह क्रूज शिप सेंट हेलेना द्वीप पर रुका था, जहां 29 यात्री उतर गए। बाद में ये यात्री कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, सिंगापुर, तुर्की, न्यूजीलैंड और नीदरलैंड सहित कई देशों में पहुंच गए। इसके बाद विभिन्न देशों की स्वास्थ्य एजेंसियों ने इन यात्रियों की पहचान कर निगरानी शुरू कर दी है।
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल इसके कोविड जैसी वैश्विक महामारी बनने की संभावना कम है। उनका मानना है कि यह वायरस तेजी से नहीं फैलता और संक्रमण के लिए बहुत करीबी संपर्क तथा अधिक वायरल लोड की आवश्यकता होती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। चूहों वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने, खाने-पीने की चीजें साझा न करने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।