विधानसभा विशेष सत्र से पहले पुलिस सख्त, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

देहरादून। 28 अप्रैल को प्रस्तावित विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 27 अप्रैल को पुलिस लाइन देहरादून में तैनात पुलिस बल को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने संयुक्त रूप से पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारी और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, ड्यूटी की जिम्मेदारियों को अच्छी तरह समझने और अनुशासित व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान यह भी कहा गया कि ड्यूटी के समय किसी भी प्रकार की अनावश्यक टिप्पणी या विवाद से बचा जाए। यदि किसी तरह की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी जानकारी तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

विधानसभा गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जाएगी और किसी भी संदिग्ध या ज्वलनशील वस्तु को परिसर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल अधिकृत व्यक्तियों, पासधारकों और उनके वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

इसके अलावा विधानसभा के बाहर रूट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि विधानसभा तिराहे से डिफेंस कॉलोनी बैरियर तक सड़क पर कोई भी वाहन खड़ा न हो। वहीं बैरियर ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी जुलूस या धरना-प्रदर्शन के दौरान अराजक तत्वों को बैरियर पार कर विधानसभा के निकट पहुंचने से रोका जाए।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इन सख्त व्यवस्थाओं का उद्देश्य विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है। आम जनता से भी सहयोग की अपील की गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.