देहरादून में विधानसभा सत्र के चलते बदला ट्रैफिक प्लान, जानिए कौन-से रूट रहेंगे प्रभावित

देहरादून में प्रस्तावित विधानसभा सत्र को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और संभावित धरना-प्रदर्शनों के मद्देनज़र यह नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है, जो सत्र समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।

यातायात नियंत्रण के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर बैरियर प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। इनमें प्रगति विहार, शास्त्रीनगर, बाईपास, डिफेंस कॉलोनी और विधानसभा तिराहा प्रमुख हैं। इन स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि ट्रैफिक को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया जा सके।

प्रशासन द्वारा भारी वाहनों के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। सभी भारी वाहनों को कारगी चौक और डोईवाला से दूधली रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, यदि रिस्पना क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ता है तो भारी वाहनों को लालतप्पड़, हर्रावाला और नयागांव में अस्थायी रूप से रोका जाएगा।

देहरादून से हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी और चमोली की ओर जाने वाले वाहनों को नेहरू कॉलोनी और फव्वारा चौक से पुलिया नंबर 6 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। धर्मपुर चौक से आईएसबीटी जाने वाले वाहनों को माता मंदिर रोड होते हुए पुरानी बाईपास चौकी के रास्ते भेजा जाएगा।

मोहकमपुर से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी नया रूट तय किया गया है। इन वाहनों को जोगीवाला से रिंग रोड, लाडपुर, सहस्त्रधारा क्रासिंग और आईटी पार्क होते हुए मसूरी मार्ग की ओर भेजा जाएगा। वहीं, मोहकमपुर से शहर की ओर आने वाले वाहन विधानसभा तिराहा, रिस्पना और पुरानी बाईपास चौकी से होते हुए धर्मपुर और ईसी रोड की ओर जाएंगे।

इसके अलावा, किसी भी अनुमति प्राप्त जुलूस की शुरुआत केवल हिम पैलेस होटल से होगी। जुलूस में शामिल वाहनों की पार्किंग रेसकोर्स स्थित गुरु नानक ग्राउंड में निर्धारित की गई है।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.