नोएडा हिंसा के पीछे विदेशी साजिश? पाकिस्तान से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट का खुलासा!

नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में हाल ही में हुए श्रमिक हिंसा मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हिंसक आंदोलन के तार पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं। दावा किया गया है कि श्रमिकों को भड़काने के लिए इस्तेमाल किए गए सोशल मीडिया अकाउंट्स सीमा पार से संचालित किए जा रहे थे।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 13 अप्रैल को वेतन वृद्धि को लेकर हुए उग्र प्रदर्शन के पीछे सुनियोजित साजिश के संकेत मिले हैं। जांच में पाया गया कि कुछ फर्जी अकाउंट्स के जरिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर एक्स (ट्विटर), पर भड़काऊ पोस्ट साझा किए जा रहे थे, जिससे श्रमिकों को उकसाया गया।

उन्होंने बताया कि “अनुषि तिवारी” और “मीर इलियास” नाम से बनाए गए एक्स हैंडल वास्तव में पाकिस्तान से संचालित हो रहे थे। जांच के दौरान वीपीएन के दुरुपयोग की भी पुष्टि हुई है, जिससे इन अकाउंट्स की लोकेशन छिपाई जा रही थी।

इस मामले में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अब तक 66 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 42 लोग मजदूर नहीं हैं। इससे स्पष्ट होता है कि हिंसा में बाहरी तत्वों की बड़ी भूमिका रही है। कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है ताकि फंडिंग के स्रोत का पता लगाया जा सके। साथ ही, दोषियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की तैयारी है।

फिलहाल नोएडा में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। वहीं, राज्य सरकार ने श्रमिकों के वेतन से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए वेज बोर्ड का गठन किया है और श्रमिकों के साथ संवाद जारी है।

पुलिस का मानना है कि यह एक सुनियोजित षड्यंत्र हो सकता है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में बढ़ रहे औद्योगिक निवेश को प्रभावित करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.