चुनाव से पहले बड़ा सवाल—कूचबिहार में अचानक बीमार पड़े केंद्रीय बल के जवान!

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले कूचबिहार जिले से चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां तैनात केंद्रीय बल के कई जवान अचानक बीमार पड़ गए। घटना के बाद चुनाव आयोग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला कूचबिहार जिले के तुफानगंज क्षेत्र के तल्लीगुड़ी हाई स्कूल का है, जहां केंद्रीय बल के जवान ठहरे हुए थे। यहां ‘एड हॉक-601, सी कंपनी’ के 14 जवानों ने पेट दर्द और बदन दर्द की शिकायत की। सभी प्रभावित जवानों को तुरंत तुफानगंज उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकीय जांच के बाद 10 जवानों को प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई, जबकि चार जवानों को निगरानी में रखा गया है। उनके साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के मेडिकल अधिकारी भी मौजूद रहे और इलाज की निगरानी करते रहे।

सूत्रों के मुताबिक, ये जवान हाल ही में नागांव (असम) से सड़क मार्ग के जरिए कूचबिहार पहुंचे थे। प्रारंभिक अनुमान है कि लंबी यात्रा के दौरान डिहाइड्रेशन या खराब पानी से बने भोजन के सेवन के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी। डॉक्टरों ने इसे खाद्य विषाक्तता (फूड प्वाइजनिंग) का संभावित मामला बताया है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी से तुरंत विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि राज्य में 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की जा रही है।

इस घटना ने चुनावी तैयारियों के बीच सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.