देहरादून। राज्य में नए शिक्षा सत्र 2026–27 की शुरुआत के साथ ही कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण प्रारंभ कर दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी छात्र किताबों के अभाव में पढ़ाई से वंचित न रहे। पहले ही दिन प्रदेशभर के राजकीय और अशासकीय विद्यालयों में विभिन्न विषयों की कुल 3,59,300 पुस्तकों का वितरण किया गया।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि समय पर पुस्तकों की उपलब्धता से छात्रों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी और उनका शैक्षणिक प्रदर्शन भी बेहतर होगा।
कार्यक्रम के बाद आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने 7 अप्रैल को राज्य के सभी विद्यालयों में वृहद स्तर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इस दौरान शिक्षकों को अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में नामांकन के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
इसके अलावा 14 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सभी विद्यालयों में संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
मंत्री ने मुख्य शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में फर्नीचर, शौचालय, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की रिपोर्ट एक सप्ताह में उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही रिक्त पदों, पुस्तक बजट, व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रमों और निजी विद्यालयों द्वारा शुल्क वृद्धि जैसी शिकायतों पर भी सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए