हल्द्वानी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले शुरू हुई निःशुल्क योग कक्षाएं, बड़ी संख्या में लोग जुटे

हल्द्वानी।  उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय  के योग विभाग द्वारा  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आमजन के लिए निःशुल्क योग कक्षाओं का शुभारंभ किया गया है। 22 मार्च से शुरू हुए इस कार्यक्रम में हर रविवार सुबह 6 से 7 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर में योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

रविवार को आयोजित साप्ताहिक योग सत्र में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, प्रशिक्षकों और शोधार्थियों के साथ-साथ निकटवर्ती मानपुर पश्चिम गांव के लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर कोरिया से आए एक प्रोफेसर की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष अंतरराष्ट्रीय आयाम प्रदान किया और योग की वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाया।

विश्वविद्यालय के कुलपति  प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी  ने बताया कि इन निःशुल्क योग कक्षाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग के लाभ पहुंचाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन का भी सशक्त माध्यम है।

योग विभाग के अनुभवी शिक्षकों और प्रशिक्षकों द्वारा संचालित इन सत्रों में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया जा रहा है। प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे योगाभ्यास के लिए अपने साथ योग मैट या चादर अवश्य लेकर आएं, ताकि अभ्यास सुगमता से हो सके।

यह निःशुल्क योग कार्यक्रम 22 मार्च से शुरू होकर 21 जून तक, यानी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक, प्रत्येक रविवार नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्रीय नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि योग के माध्यम से स्वस्थ समाज की दिशा में कदम बढ़ाया जा सके

Leave A Reply

Your email address will not be published.