After Header-1

अस्पताल पहुंचकर मरीजों से सीधे मिले राज्यपाल, स्वास्थ्य सेवाओं पर दिए बड़े निर्देश

देहरादून/पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेते हुए जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। इसके बाद उन्होंने जिला पुस्तकालय का लोकार्पण कर विद्यार्थियों और पाठकों से संवाद भी किया।

दौरे की शुरुआत राज्यपाल के जिला अस्पताल पहुंचने से हुई, जहां उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और आधारभूत ढांचे का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत की तथा उन्हें मिल रही दवाइयों, उपचार और डॉक्टरों के व्यवहार के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईसीयू, डिजिटल एक्स-रे कक्ष और सीटी स्कैन यूनिट का भी अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से आवश्यक उपकरणों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग से जिला अस्पताल को भविष्य में और अधिक सक्षम बनाया जाएगा। साथ ही आईसीयू को और आधुनिक बनाने पर भी जोर दिया गया।

राज्यपाल ने डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत कर उनके कार्य अनुभव और चुनौतियों को समझा तथा उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता का संतुलित उपयोग ही स्वास्थ्य सेवाओं में वास्तविक सुधार ला सकता है।

इसके बाद राज्यपाल ने जिला पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उन्हें पुस्तकालय की सुविधाओं, वाई-फाई जोन, आधुनिक फर्नीचर और पठन-पाठन की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। राज्यपाल ने पुस्तकालय को विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए इसकी सराहना की।

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान राज्यपाल ने उन्हें सकारात्मक सोच, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल किताबों का भंडार नहीं, बल्कि ज्ञान और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है।

 

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.