अल्मोड़ा में देवी भागवत कथा में शामिल हुईं मंत्री रेखा आर्य, नवरात्र पूजन में भी लिया हिस्सा

अल्मोड़ा / सोमेश्वर।  उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अल्मोड़ा जिले के भाटन्यालज्यूला स्थित देवी मंदिर में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा में भाग लेकर कथा का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक आयोजन को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक कौस्तुभानंद तिवारी द्वारा किया गया। उनकी मधुर वाणी में प्रस्तुत कथा से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि देवी के विभिन्न स्वरूप हमें जीवन में संघर्ष, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के साथ-साथ संस्कारित भारत का निर्माण ऐसे ही धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से संभव है।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति अध्यक्ष भूपाल सिंह नयाल, ग्राम प्रधान मीनाक्षी नयाल, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल और विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इसी क्रम में मंत्री रेखा आर्य ने सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गांव क्वैराली में स्थित मां भगवती मंदिर प्रांगण में आयोजित नवरात्र पूजन में भी भाग लिया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया

इस धार्मिक आयोजन में जिला पंचायत सदस्य प्रियंका सलाल, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू, ग्राम प्रधान शालिनी बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मंत्री ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में एकता, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

उन्होंने युवाओं से भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया और कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।

इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने मंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.