देहरादून। उत्तराखंड में आयोजित होने वाली Char Dham Yatra को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने इस वर्ष विशेष स्वास्थ्य व्यवस्थाएं करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री Dhan Singh Rawat ने बताया कि इस बार यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य की रीयल-टाइम निगरानी के लिए E-Swasthya Dham Portal का उपयोग किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। इसके तहत यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ावों और चारों धामों पर स्थायी एवं अस्थायी चिकित्सा इकाइयों को सक्रिय किया जाएगा। इन चिकित्सा इकाइयों में अनुभवी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
डाॅ. धन सिंह रावत ने बताया कि यात्रा के दौरान कुल 177 एम्बुलेंस विभिन्न मार्गों पर तैनात रहेंगी। इनमें 108 आपातकालीन सेवा की एम्बुलेंस, एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस तथा कार्डियक एम्बुलेंस सेवाएं शामिल होंगी। इसके अलावा टिहरी क्षेत्र में एक विशेष वोट एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे जलमार्ग वाले क्षेत्रों में आपात स्थिति से निपटा जा सके।
उन्होंने बताया कि गंभीर स्थिति से निपटने के लिए एक हेली एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेगी, जिसका संचालन AIIMS Rishikesh के माध्यम से किया जाएगा। इससे जरूरत पड़ने पर मरीजों को तेजी से बड़े अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य इस बार चारधाम यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित बनाना है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को पहले ही सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।