रुद्रपुर। घरेलू गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा की गई छापेमारी के दौरान बरामद किए गए सिलेंडरों को लेकर बुधवार को रुद्रपुर में हंगामे की स्थिति बन गई। सिलेंडर जब्त किए जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने Bharat Gas एजेंसी के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पूर्ति विभाग के अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई।
जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में पूर्ति विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने कई स्थानों पर जांच करते हुए अवैध रूप से रखे गए दो कमर्शियल गैस सिलेंडर, कई घरेलू सिलेंडर और दो गैस रिफ्लिंग किट बरामद कीं। कार्रवाई के बाद जब सिलेंडरों से भरा वाहन भारत गैस एजेंसी पहुंचा, तो वहां मौजूद उपभोक्ताओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया।
हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि वे किसी भी प्रकार की कालाबाजारी में शामिल नहीं हैं और उनके घरों से सिलेंडर जबरन उठा लिए गए हैं। उनका कहना था कि उनके पास सिलेंडरों से संबंधित सभी वैध कागजात मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों ने उनकी बात सुने बिना ही सिलेंडर जब्त कर लिए।
दूसरी ओर पूर्ति विभाग के अधिकारी का कहना है कि विभाग को घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफ्लिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर शहर के कई स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें करीब आठ गैस सिलेंडर और दो रिफ्लिंग किट बरामद की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
घटना के दौरान एजेंसी परिसर में काफी देर तक हंगामे का माहौल बना रहा। बाद में अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को जांच प्रक्रिया के बारे में समझाकर स्थिति को शांत कराया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और रिफ्लिंग के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।