चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्वाला के पास एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में सवार एक युवक छिटककर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, कार में सवार चार अन्य लोग सुरक्षित बच गए। सूचना मिलने पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक का शव बाहर निकाला।
पेड़ पर अटक गई कार, युवक गहरी खाई में गिरा
जानकारी के मुताबिक, रविवार को पांच लोग महिंद्रा कार में सवार होकर टनकपुर-चंपावत मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान स्वाला के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और कार सड़क से करीब 20 से 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि कार नीचे गिरने के बाद एक पेड़ पर अटक गई। हालांकि, हादसे के दौरान एक युवक कार से बाहर छिटककर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार बाकी चार लोग किसी तरह बाहर निकले और सड़क तक पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की चंपावत पोस्ट से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पहाड़ी क्षेत्र की दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने खाई में उतरकर युवक की तलाश और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने युवक को खाई से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान अजीत कुशवाहा पुत्र आनंद कुशवाहा, निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद एसडीआरएफ ने शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

