After Header-1

सिलक्यारा के 41 श्रमिकों की याद में पहली बार मनाया गया आपदा प्रबंधन दिवस

देहरादून। उत्तराखंड में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान की स्मृति में पहली बार आपदा प्रबंधन दिवस मनाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत बनाने और आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मंत्रिगण और शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। इसके अलावा विभिन्न स्कूलों और डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भी ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की।

आपदा प्रबंधन दिवस के तहत 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य लोगों को आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों, राहत एवं बचाव कार्यों और आपात परिस्थितियों से निपटने के तरीकों की जानकारी देना है। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और बचाव अभियानों की तैयारियों को मजबूत करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।

गौरतलब है कि 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी जिले की सिलक्यारा सुरंग में निर्माण कार्य के दौरान 41 श्रमिक फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कई दिनों तक चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान चलाया गया। आखिरकार 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

इस सफल बचाव अभियान की स्मृति और आपदा प्रबंधन के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड में पहली बार 25 से 28 नवंबर तक आपदा प्रबंधन दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.