भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जापान को 4-0 से करारी शिकस्त दी। बुधवार को खेले गए अंतिम लीग मुकाबले में जीत के साथ भारत ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और 15 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। अब सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना 27 नवंबर को मलेशिया से होगा।
जापान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। हालांकि जापान ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाते हुए शुरुआती हमलों को नाकाम किया, लेकिन 12वें मिनट में भारत को पहली सफलता मिली। लालरेमसियामी ने शानदार रिवर्स फ्लिक से गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके बाद भारतीय टीम ने दबाव बनाए रखा। 16वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। मैच के 28वें मिनट में नेहा ने रिबाउंड पर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत का तीसरा गोल किया। मध्यांतर तक भारतीय टीम 3-0 से आगे रही।
दूसरे हाफ में जापान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसके सभी हमलों को बेअसर कर दिया। अंतिम क्वार्टर में 48वें मिनट में दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना दूसरा गोल किया और भारत को 4-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। अंत तक भारतीय टीम ने अपना दबदबा कायम रखा।
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने अपनी विश्व रैंकिंग में भी सुधार किया है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की ताजा रैंकिंग में भारत पांचवें से चौथे स्थान पर पहुंच गया है। यह भारतीय महिला हॉकी टीम की अब तक की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग है।
मलेशिया और चीन भी अंतिम चार में
दिन के अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने थाईलैंड को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं चीन ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से शिकस्त देकर तीसरा स्थान हासिल किया। अब दूसरे सेमीफाइनल में चीन का सामना जापान से होगा। भारतीय टीम की नजरें मलेशिया को हराकर फाइनल में जगह बनाने पर रहेंगी।

