देहरादून। पौड़ी जिले के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में स्थित पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास की दिशा में पहल की जा रही है। थलीसैंण विकासखंड स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम का जीर्णोद्धार किया जाएगा, जबकि पैठाणी क्षेत्र के प्रसिद्ध ताराकुंड की प्राकृतिक झील का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। दोनों स्थलों को प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए वन और पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करेंगे। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन स्थलों के विकास और ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण को लेकर डॉ. रावत ने वन एवं पर्यटन विभाग तथा गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। उन्होंने थलीसैंण स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम के जीर्णोद्धार के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि आश्रम का धार्मिक और पौराणिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इसे भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
योजना के तहत मंदिर परिसर में धर्मशाला का निर्माण, श्रृंग ऋषि की विशाल प्रतिमा की स्थापना और आश्रम तक पहुंचने वाले करीब 12 किलोमीटर लंबे दुर्गम पैदल मार्ग का सुधारीकरण किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
बैठक में पैठाणी स्थित ताराकुंड के विकास पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने प्राकृतिक झील के संरक्षण के साथ मां तारा मंदिर के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में प्राकृतिक पर्यावरण और धार्मिक आस्था के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए।
डॉ. रावत ने कहा कि श्रृंग ऋषि आश्रम और ताराकुंड उत्तराखंड की समृद्ध पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। इनका संरक्षण धार्मिक महत्व के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी सहायक होगा। दोनों स्थल वन क्षेत्र में स्थित हैं, इसलिए वन एवं पर्यटन विभाग आपसी समन्वय से व्यवहारिक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेंगे।
इसके अलावा राहु मंदिर, बिनसर महादेव, कमलेश्वर मंदिर और देवलगढ़ को भी एक सुव्यवस्थित पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल डॉ. धीरज पाण्डेय सहित पर्यटन विभाग और गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी अशोक जोशी और डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

