After Header-1

बिहार में दर्दनाक हादसा: तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो नहर में गिरी, छह लोगों की मौत

अररिया, 19 नवंबर। बिहार के अररिया जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के समीप हुआ, जहां तिलक समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और राहत-बचाव कार्य में पुलिस की मदद की।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। सभी सिकटी थाना क्षेत्र के भपटियाही में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने के बाद सुपौल जिले के पिपरा बाजार लौट रहे थे। इसी दौरान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में बीड़ी पुल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते स्कॉर्पियो पुल से नीचे नहर में जा गिरी और पलट गई। वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलने पर ताराबाड़ी थानाध्यक्ष सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नहर में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार और मुख्यालय डीएसपी रजनीश कुमार ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का सदर अस्पताल में उपचार जारी है।

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को नहर से बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया। घटनास्थल पर देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग सुपौल जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। तिलक समारोह की खुशियों के बाद घर लौट रहे लोगों के परिवारों में इस हादसे से मातम पसर गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.