महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा मुस्लिम तुष्टिकरण और सनातन विरोध के इर्द-गिर्द रही है। उन्होंने सोनिया गांधी के बाबरी मस्जिद ढांचे के विध्वंस के दौरान भावुक होने संबंधी कथित खुलासे पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में कई ऐसी घटनाएं हुईं, जिनमें राष्ट्रभक्तों और सुरक्षा बलों के जवानों की शहादत पर भी संवेदना व्यक्त की जानी चाहिए थी।
भट्ट ने शाहबानो प्रकरण, 1984 के सिख विरोधी दंगों, रामभक्तों पर गोलीबारी और बटाला हाउस मुठभेड़ का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के मारे जाने पर संवेदना जताई गई, लेकिन देश के लिए बलिदान देने वाले जवानों और राष्ट्रभक्तों के प्रति वैसी संवेदना दिखाई नहीं दी।
1984 के दंगों को लेकर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सोनिया गांधी द्वारा अपनी पुस्तक में 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान सेना की तैनाती में देरी को लेकर दिए गए विवरण पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सरकार की जिम्मेदारी से ध्यान हटाने के लिए तत्कालीन सेनाध्यक्ष जनरल वैद्य का नाम जोड़ा गया है।
भट्ट के अनुसार, जनरल वैद्य के साक्षात्कारों और प्रकाशित पुस्तकों में इस तरह की सलाह का उल्लेख नहीं मिलता। उन्होंने इसे भारतीय सेना के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए कांग्रेस पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस को लोकतांत्रिक जवाब देने की बात
महेंद्र भट्ट ने कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक गांधी परिवार और कांग्रेस की छवि सुधारने का प्रयास है, लेकिन इससे पुराने विवाद और आरोप फिर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता सेना, राष्ट्रभक्तों और सनातन के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस को उसके राजनीतिक रवैये का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

