After Header-1

शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का निधन, पैतृक गांव जैत में आज होगा अंतिम संस्कार

भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह करीब 76 वर्ष की थीं और पिछले एक सप्ताह से गंभीर रूप से बीमार चल रही थीं। सांस संबंधी परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां हालत बिगड़ने पर वेंटिलेटर सपोर्ट पर उपचार किया जा रहा था।

काशीबाई का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर तीन बजे मध्य प्रदेश के सीहोर जिले स्थित उनके पैतृक गांव जैत में किया जाएगा। इससे पहले भोपाल के साकेत नगर स्थित उनके आवास पर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए जैत ले जाया जाएगा।

मां के निधन की सूचना मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भावुक संदेश साझा करते हुए मां के निधन को जीवन की ऐसी रिक्तता बताया, जिसे कोई भर नहीं सकता। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।

रायसेन का किसान सम्मेलन भी रद्द

काशीबाई के निधन के चलते शिवराज सिंह चौहान आज रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। उनके सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। निधन की खबर से परिवार, समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों में शोक का माहौल है।

मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश के मंत्री राकेश सिंह ने भी शोक व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने चौहान और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

परिवार को संभालने में निभाई अहम भूमिका

काशीबाई का शिवराज सिंह चौहान के जीवन में विशेष स्थान था। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, उनकी जैविक मां सुंदरबाई चौहान का निधन बचपन में ही हो गया था। इसके बाद पिता प्रेम सिंह चौहान ने काशीबाई से दूसरा विवाह किया। काशीबाई ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बच्चों के पालन-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनके निधन से चौहान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.