नई दिल्ली। दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में केन्या के चार्ल्स मताता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की एलीट दौड़ का कोर्स रिकॉर्ड तोड़ दिया और खिताब अपने नाम किया। महिलाओं की एलीट दौड़ में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने बाजी मारी। भारतीय धावकों में पुरुष वर्ग में शैलेश कुशवाहा और महिला वर्ग में अंकिता ध्यानी ने पहला स्थान हासिल किया।
एक सेकेंड से टूटा पुराना रिकॉर्ड
चार्ल्स मताता ने 21.097 किलोमीटर की दौड़ 58 मिनट 52 सेकेंड में पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने 2020 में इथियोपिया के अमेदेवोर्क वालेलेग्न के 58 मिनट 53 सेकेंड के रिकॉर्ड को एक सेकेंड से पीछे छोड़ दिया। खिताब जीतने पर मताता को 27 हजार अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि के साथ रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 12 हजार डॉलर का अतिरिक्त बोनस भी मिलेगा।
पुरुषों की एलीट दौड़ में केन्या के सैमवेल न्यामाई मेलू 59 मिनट 24 सेकेंड के साथ दूसरे और स्टेनली वाइथाका म्बुरू 59 मिनट 33 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में अलेमु ने जीता खिताब
महिलाओं की एलीट दौड़ में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने एक घंटा छह मिनट 35 सेकेंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। केन्या की सेलाह बुसिनेई एक घंटा सात मिनट एक सेकेंड के साथ दूसरे और सिंथिया चेलांगत चेपक्वोनी एक घंटा सात मिनट 32 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
शैलेश और अंकिता का शानदार प्रदर्शन
भारतीय पुरुष एलीट वर्ग में शैलेश कुशवाहा ने एक घंटा पांच मिनट पांच सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। गौरव माथुर दूसरे और हेमंत कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में अंकिता ध्यानी ने एक घंटा 12 मिनट 46 सेकेंड में दौड़ पूरी कर शीर्ष स्थान हासिल किया। सोनिया दूसरे और भागीरथी तीसरे स्थान पर रहीं।
40 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
विश्व एथलेटिक्स गोल्ड लेबल वाली इस प्रतियोगिता में कुल 2,75,732 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई थी। भारतीय एलीट वर्ग में शीर्ष तीन धावकों को क्रमशः 3.5 लाख, 2.5 लाख और 1.5 लाख रुपये दिए जाने का प्रावधान था।
आयोजकों के अनुसार, इस बार राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हाफ मैराथन और ओपन 10 किलोमीटर सहित प्रमुख स्पर्धाओं की शुरुआत और समापन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुआ।
