After Header-1

अक्षय कुमार पहुंचे सीएम धामी के आवास, उत्तराखंड की फिल्म नीति पर हुई चर्चा

देहरादून। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड की नई फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अनुकूल फिल्म नीति के चलते फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्रों में शामिल करना है, ताकि यहां अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में बर्फ से ढकी पहाड़ियों, हरे-भरे जंगलों, नदियों और खूबसूरत घाटियों के साथ ही ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई ऐसे स्थान हैं, जो फिल्मांकन के लिए उपयुक्त हैं। इन प्राकृतिक और सांस्कृतिक विशेषताओं के जरिए प्रदेश को फिल्म जगत में नई पहचान दिलाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। फिल्मों के माध्यम से उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को देशभर में पहचान मिल सकती है। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को प्रदेश में उपलब्ध संभावनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। सरकार की कोशिश है कि उत्तराखंड फिल्म निर्माताओं के लिए सुविधाजनक और आकर्षक गंतव्य बने। अक्षय कुमार के साथ हुई इस मुलाकात को प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.