After Header-1

उत्तराखंड के 1.20 लाख किसानों तक पहुंचेगा ‘खेत बचाओ अभियान’, हर ब्लॉक में होंगे 25 कार्यक्रम

 देहरादून। उत्तराखंड में किसानों को खेती से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया जाएगा। रबी अभियान-2026 के तहत प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में कुल 2,375 कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 1.20 लाख किसानों को जोड़ने की योजना है। अभियान के तहत किसानों को मसूर के 11 हजार मिनी किट भी वितरित किए जाएंगे।

प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून स्थित सर्किट हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में अभियान की तैयारियों और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी दी।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि राज्य के सभी 95 विकासखंडों में प्रत्येक ब्लॉक में 25 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस तरह प्रदेशभर में कुल 2,375 कार्यक्रमों के आयोजन की योजना तैयार की गई है। इन कार्यक्रमों के जरिए किसानों तक कृषि संबंधी योजनाओं और उपयोगी जानकारियों को पहुंचाने के साथ उनकी सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत किसानों को मसूर के 11,000 मिनी किट उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे दलहन की खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को कृषि गतिविधियों से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बैठक में कृषि मंत्री ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रदेश में फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री को बताया कि ओलावृष्टि से लगभग 17,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें प्रभावित हुई हैं। उन्होंने प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।

गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत प्रभावित किसानों को खरीफ-2026 और रबी-2025-26 के बीमा क्लेम का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समय पर सहायता मिलना जरूरी है, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान से उबरने में मदद मिल सके।

बैठक में महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनंद श्रीवास्तव, निदेशक कृषि दिनेश सिंह, अपर निदेशक डॉ. सुरेश राम, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल और यूएचबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.