After Header-1

रेखा आर्य मामले में महिला आयोग सख्त, एसएसपी को त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश

 देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े पारिवारिक विवाद और कथित वीडियो प्रकरण को लेकर राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों पर मामला सामने आने के बाद आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, अस्पताल में भर्ती मंत्री रेखा आर्य की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर भी आयोग ने चिंता जताई है।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने आज कृष्णा मेडिकल सेंटर पहुंचकर मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से भी बातचीत कर मंत्री की वर्तमान स्थिति और उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

आयोग अध्यक्ष ने डॉ. गीता खन्ना सहित उपचार कर रहे अन्य चिकित्सकों से मंत्री के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उचित उपचार और निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और महिला की सुरक्षा, सम्मान तथा न्याय से जुड़े पहलुओं की अनदेखी नहीं की जा सकती।

कुसुम कंडवाल ने कहा कि प्रदेश की एक सशक्त महिला के साथ इस तरह की घटना सामने आना बेहद निंदनीय है। आयोग का मानना है कि पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े ऐसे मामलों में तथ्यों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

राज्य महिला आयोग ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कानून की नजर में सभी नागरिक समान हैं और किसी भी मामले में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

आयोग की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को मामले की त्वरित जांच करने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अब इस प्रकरण में पुलिस जांच और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.