After Header-1

उत्तराखंड के 95 विकासखंडों में नवंबर में लगेंगे किसान ऋण मेले, डॉ. धन सिंह रावत ने दिए निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें सहकारी ऋण सुविधाओं से जोड़ने के लिए नवंबर माह में प्रदेशभर में किसान ऋण मेलों का आयोजन किया जाएगा। ये मेले राज्य के सभी 95 विकासखंडों में लगाए जाएंगे। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और अधिक से अधिक किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को यमुना कॉलोनी स्थित अपने शासकीय आवास पर सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन, विभिन्न योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि किसान ऋण मेलों का उद्देश्य किसानों को सहकारी ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने अधिकारियों को अभी से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और मेलों के माध्यम से अधिकाधिक पात्र किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

बैठक में किसान समृद्धि कार्ड बनाने की प्रगति, इफको टोकियो के माध्यम से सहकारी क्षेत्र में बीमा सुविधाओं और केंद्र सरकार की ‘धरती माता’ सॉइल टेस्टिंग योजना की समीक्षा भी की गई। मंत्री ने योजनाओं के प्रचार-प्रसार में तेजी लाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

डॉ. रावत ने सचिव सहकारिता को निर्देश दिए कि 22 अक्टूबर तक किसान ऋण मेलों और संबंधित योजनाओं की तैयारियों की दोबारा समीक्षा की जाए। इससे पहले सचिव सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति का आकलन करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने को कहा।

सहकारिता मंत्री ने बताया कि नवंबर में भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की बैठक प्रस्तावित है। इसके लिए विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट, आवश्यक विवरण और प्रस्ताव समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़ी योजनाओं और सहकारी क्षेत्र के विकास को सरकार प्राथमिकता दे रही है।

बैठक में सचिव सहकारिता डॉ. इकबाल अहमद, निबंधक सहकारी समितियां डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट और राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक प्रदीप मेहरोत्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.