After Header-1

देहरादून आढ़त बाजार शिफ्टिंग में तेजी के निर्देश, व्यापारियों को कब मिलेंगी दुकानें?

देहरादून। उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और लंबित निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इंदिरा मार्केट री-डेवलपमेंट और आढ़त बाजार शिफ्टिंग से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए व्यापारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप निर्माण कार्य पूरे करने पर जोर दिया।

मंत्री खजानदास ने यमुना कॉलोनी स्थित अपने शासकीय आवास पर एमडीडीए अधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने इंदिरा मार्केट पुनर्विकास योजना के अंतर्गत लंबित कार्यों और शेष एमओयू को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2013 में तय शर्तों के अनुरूप जिन व्यापारियों को अभी तक दुकानें उपलब्ध नहीं हो पाई हैं, उन्हें दुकानें उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा

बैठक में आढ़त बाजार के विस्थापन से संबंधित रजिस्ट्री और अन्य प्रक्रियाओं में हो रही देरी का मुद्दा भी उठा। मंत्री ने इस पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर रजिस्ट्री की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देरी दूर होने से सड़क चौड़ीकरण और निर्माण से जुड़े कार्य समय पर पूरे किए जा सकेंगे।

गौरतलब है कि आढ़त बाजार में लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सरकार ने सहारनपुर चौक से लगे इस बाजार के चौड़ीकरण को मंजूरी दी है। योजना के तहत प्रभावित व्यापारियों को आईएसबीटी के पास स्थानांतरित किया जाना है। ऐसे में विस्थापन और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होना परियोजना के लिए महत्वपूर्ण है।

बैठक में एमडीडीए के उपाध्यक्ष वंशीधर तिवारी ने बताया कि शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के पार्कों का सौंदर्यीकरण कर वहां बेंच उपलब्ध कराने की योजना भी है।

बैठक में इंदिरा मार्केट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार गुरभेज सिंह, सचिव जगदीश प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों से विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और संबंधित कार्यों में अनावश्यक देरी से बचने को कहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.