स्वास्थ्य सेवाओं के लिए केंद्र सरकार की इंफ्रास्ट्रक्चर मेंटेनेंस व्यवस्था और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन-1.0 के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में केंद्रांश के सापेक्ष राज्यांश के रूप में 13.48 करोड़ रुपये राज्य आकस्मिकता निधि से स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है। इसके लिए चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य मद में आवश्यक लेखाशीर्ष खोलने की अनुमति भी प्रदान की गई है।
उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत कार्मिकों के वेतन आदि के भुगतान के लिए 77.69 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चालू वित्तीय वर्ष में इसके लिए 155.38 करोड़ रुपये का प्रावधान था, जिसके सापेक्ष यह शेष धनराशि जारी की जाएगी।
निर्माण कार्यों के तहत पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विधानसभा क्षेत्र की ग्रामसभा दर में आंतरिक संपर्क मार्ग के लिए 93.08 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। खटीमा के अंजनिया स्थित शिव मंदिर में सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा पिथौरागढ़ में भूमिया मंदिर गैंठन से काल्सिन मंदिर और खूनी गांव तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए 92.32 लाख रुपये स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।
बागेश्वर जिले में पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक मार्ग पर फुरकिया पर्यटक आवास गृह के मरम्मत एवं सुधारीकरण के लिए 4.44 करोड़ रुपये और पौड़ी गढ़वाल के सतपुली बैराज में स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों के लिए 4.89 करोड़ रुपये मंजूर करने की स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त शारदा (काली) नदी में फ्लड प्लेन जोनिंग के लिए 47.31 लाख रुपये के परामर्श कार्य को मंजूरी दी गई है। केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत नौ कार्यों के लिए 288.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनकी पहली किस्त के रूप में 115.36 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।
इन स्वीकृतियों से प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा और संपर्क मार्गों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
