देहरादून। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) की ओर से केंद्रीय विद्यालय सालावाला, देहरादून में स्वच्छता शपथ एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली। उन्होंने अपने विद्यालय, घर और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने के साथ ही दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया गया। साथ ही स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
स्वच्छता को आदत बनाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय विद्यालय सालावाला के प्राचार्य मयंक शर्मा ने कहा कि बच्चों में शुरुआती अवस्था से ही स्वच्छता की आदत विकसित करना जरूरी है। स्वच्छता केवल किसी व्यक्ति या संस्थान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखकर और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करके स्वच्छता के दूत बन सकते हैं। बच्चों की सक्रिय भागीदारी से परिवार और समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।
समारोह में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने और जागरूकता फैलाने के महत्व को रेखांकित किया गया। पुरस्कार वितरण के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया गया। कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे रोजमर्रा की जिंदगी की आदत बनाया जाए।
