After Header-1

सरकारी खरीद में अब गुणवत्ता से समझौता नहीं, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। सरकारी खरीद में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अब भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में बीआईएस से संबंधित राज्य स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सरकारी विभागों में प्रोक्योरमेंट के दौरान निर्धारित खरीद नियमों के साथ संबंधित बीआईएस मानकों और गुणवत्ता मानकों का भी कड़ाई से अनुपालन होना चाहिए। उन्होंने बीआईएस को संबंधित विभागों के साथ नियमित कार्यशालाएं आयोजित करने और आवश्यक एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए, ताकि सरकारी खरीद में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो।

उन्होंने क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर्स को लेकर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की जागरूकता एवं क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। इसके लिए बीआईएस को इंडस्ट्री और ट्रेडर्स के साथ भी कार्यशालाएं आयोजित करने को कहा गया। कार्यशालाओं में बीआईएस के विशेषज्ञों और सक्षम रिसोर्स पर्सन को शामिल करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिकारियों को मानकों और गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों के अनुपालन की व्यावहारिक जानकारी मिल सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि क्षमता निर्माण को एक सतत प्रक्रिया के रूप में आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने बीआईएस से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश सभी संबंधित विभागों तक पहुंचाने और विभागीय सचिवों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने को कहा। जिलाधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों में भी बीआईएस की ओर से प्रस्तुतिकरण करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनपद स्तर पर भी गुणवत्ता मानकों को प्राथमिकता मिल सके।

बैठक में उपभोक्ता जागरूकता पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने बीआईएस केयर ऐप का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए। इस ऐप के जरिए उपभोक्ता उत्पादों पर दर्ज ISI मार्क और लाइसेंस नंबर, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के R-नंबर तथा सोने के आभूषणों पर दर्ज HUID नंबर की सत्यता जांच सकते हैं।

इसके अलावा ऐप से भारतीय मानकों की जानकारी, बीआईएस कार्यालयों और प्रयोगशालाओं का विवरण प्राप्त करने के साथ नकली आईएसआई मार्क या अन्य अनियमितताओं की ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की जा सकती है। इससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद चुनने में मदद मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.