देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक और जनसेवा की यात्रा अब विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि सात अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद उन्होंने लगातार देश और समाज के लिए काम किया। 25 वर्षों की यह यात्रा देश को नई दिशा देने और विकास को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प से जुड़ी रही है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के इन वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया। उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रधानमंत्री का संकल्प प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे बदलावों से भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में गति मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से उत्तराखंड सरकार भी राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। राज्य में विकास, जनकल्याण और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करना सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और इस अवसर पर प्रधानमंत्री को उनकी निरंतर सेवा यात्रा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
