पोखड़ा । चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बुधवार को विकासखंड पोखड़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
महाराज ने बताया कि दूरस्थ कोला क्षेत्र की लंबे समय से लंबित बरसूण्ड देवता ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के करीब 40 छोटे-बड़े गांवों और तोकों के लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पेयजल के साथ सड़क संपर्क को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कोला-1 और कोला-2 को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए 31.51 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिसका काम पूरा हो चुका है। बिजोरापानी से कुंजखाल तक आवश्यक स्थानों पर 56 लाख रुपये की लागत से मोटर मार्ग का नवीनीकरण कराया गया है। इसके अलावा विधायक निधि से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराए गए हैं।
महाराज ने बताया कि स्कूल भवनों, सौर ऊर्जा और जल जीवन मिशन के तहत हर ग्राम सभा में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य भी पूरे किए जा चुके हैं।
बहुउद्देशीय शिविर में उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 2.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बिजोरापानी-कुंजखाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किमी से चिनवाड़ी तक ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण किया गया। वहीं, जयहरीखाल में 70.75 लाख रुपये की लागत से तसीला लिंक मोटर मार्ग के सुधारीकरण और घेरुवा से गुजरखण्ड मलाणा तक 93.17 लाख रुपये की लागत वाले मोटर मार्ग के द्वितीय चरण, स्टेज-1 का शिलान्यास किया गया।
महाराज ने सेड़ियाखाल में मुख्यमंत्री कोष से लाभार्थियों को चेक वितरित किए और एबीवीपी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। शिविर में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
