लखनऊ/मुजफ्फरनगर, 6 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर स्टेट हाईवे पर बढ़ीवाला के पास सोलानी नदी पुल पर हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के अनुसार, एक स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे। सभी लोग आदेश गोयल के मौसा राधेश्याम का 75वां जन्मदिन मनाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पुरकाजी-लक्सर स्टेट हाईवे पर उनकी कार की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हाइड्रा की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान हरी नगर मोहल्ला निवासी लोहा कारोबारी आदेश गोयल (45), उनकी बहन निशा (35), राखी और निशा की बेटी श्रद्धा (14) के रूप में हुई है। वहीं आदेश की मां कुसुम देवी, पत्नी रुबी और राखी की बेटी वैष्णवी घायल हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलने पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे और क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली।
पुलिस ने डंपर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
