After Header-1

हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी कप्तानी, भावुक होकर बोलीं- मैंने अपना कर्तव्य निभाया

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सभी प्रारूपों की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। 2018 से टी20 और 2022 से वनडे टीम की पूर्णकालिक कप्तान रहीं हरमनप्रीत ने भावुक संदेश में कहा कि अब कप्तानी की जिम्मेदारी से हटने का समय आ गया है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए उनका सफर जारी रहेगा।

हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था। कप्तानी के दौरान उन्होंने कई कठिन फैसले लिए और टीम को आगे रखने के लिए कई बार अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को पीछे रखा। उन्होंने कहा कि हर फैसला टीम को मजबूत बनाने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से लिया गया।

उनकी कप्तानी का सबसे बड़ा पड़ाव 2026 में आया, जब भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार वरिष्ठ महिला आईसीसी विश्व कप का खिताब जीता। इसके साथ ही हरमनप्रीत विश्व कप जीतने वाली भारत की पहली महिला कप्तान बनीं।

हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने चार एशिया कप खिताब जीते। टीम ने 2012, 2016, 2022 और 2026 में यह उपलब्धि हासिल की। इसके अलावा उनकी अगुवाई में भारत ने एशियाई खेलों में लगातार दो स्वर्ण पदक जीते। हांगझोऊ 2022 और आइची-नागोया 2026 में भारतीय महिला टीम शीर्ष पर रही।

कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत ने कई अन्य ऐतिहासिक उपलब्धियां भी हासिल कीं। 2022 में भारत ने इंग्लैंड की धरती पर पहली बार द्विपक्षीय महिला वनडे सीरीज जीती। 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट जीत में भी उन्होंने टीम की अगुवाई की। 2025 में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज अपने नाम की।

हरमनप्रीत ने कप्तान के रूप में 150 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में टीम की अगुवाई की और इस मामले में पुरुष क्रिकेट के दिग्गज कप्तानों महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारतीय महिला टीम प्रतिभा और भविष्य के लिहाज से मजबूत स्थिति में है। उन्होंने बीसीसीआई, साथी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, परिवार और प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा कि कप्तानी खत्म हुई है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए उनका प्यार और खेल के प्रति सफर जारी रहेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.