After Header-1

टीपीएल में फिर दिखेगा बोपन्ना का जलवा, आठ मार्की खिलाड़ियों के नाम घोषित

मुंबई, 6 अक्टूबर। किआ टेनिस प्रीमियर लीग (टीपीएल) के आठवें सत्र के लिए आठ मार्की खिलाड़ियों के नाम घोषित कर दिए गए हैं। इनमें भारतीय टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना के अलावा अर्जेंटीना के रोमन बुरुचागा और ऑस्ट्रेलिया के रिंकी हिजिकाता जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों की नीलामी 12 अक्टूबर को मुंबई के फोर सीजन्स होटल में होगी।

46 वर्षीय बोपन्ना गुरुग्राम ग्रैंड स्लैमर्स की ओर से खेलेंगे। पूर्व विश्व नंबर एक और दो बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन बोपन्ना 2017 फ्रेंच ओपन मिश्रित युगल और 2024 ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष युगल खिताब जीत चुके हैं। उन्होंने टीपीएल में वापसी को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि लीग हर साल मजबूत हो रही है और युवा व अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण इसे खास बनाता है।

कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने अर्जेंटीना के 24 वर्षीय रोमन बुरुचागा को अपना मार्की खिलाड़ी बनाया है। बुरुचागा इस समय विश्व रैंकिंग में 60वें स्थान पर हैं और इसी साल करियर की सर्वश्रेष्ठ 56वीं रैंकिंग हासिल कर चुके हैं।

राजस्थान रेंजर्स की टीम ऑस्ट्रेलिया के रिंकी हिजिकाता के साथ उतरेगी। उन्होंने 2023 ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष युगल खिताब जीता था और 2025 विंबलडन पुरुष युगल के फाइनल में पहुंचे थे। पुरुष युगल में उनकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 23 रही है।

मुंबई रॉयल्स ने फ्रांस के टेरेन्स अतमान को चुना है, जबकि लखनऊ ब्लेजर्स ने डालिबोर स्वर्चिना को लगातार दूसरे सत्र के लिए मार्की खिलाड़ी बनाया है। हैदराबाद स्ट्राइकर्स के लिए क्रोएशिया के डिनो प्रिज्मिक और गत चैंपियन जीएस दिल्ली एसेस के लिए ऑस्ट्रेलिया के एडम वाल्टन खेलेंगे।

गुजरात पैंथर्स ने फ्रांस के अलेक्जांद्र मुलर पर भरोसा जताया है। मुलर लगातार दूसरे सत्र में टीम का हिस्सा होंगे।

टीपीएल का आठवां सत्र 8 से 13 दिसंबर तक हैदराबाद के एलबी टेनिस स्टेडियम में होगा। मुकाबले शाम 4:30 बजे से शुरू होंगे। लीग में पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल और मिश्रित युगल के साथ 25 अंक वाला तेज टीम प्रारूप जारी रहेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.